
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। सुई-बिशुंग क्षेत्र के 25 गांवों की आस्था और लोक संस्कृति का प्रतीक ऐतिहासिक आषाढ़ी वायु रथ महोत्सव इस वर्ष भी पूरे धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर आदित्य महादेव मंदिर परिसर में सामाजिक उत्थान एवं शैक्षिक सांस्कृतिक खेल समिति, सुई-बिशुंग की आम बैठक आयोजित की गई, जिसमें धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और जनजागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 अगस्त को मां भगवती की गुप्त पियोला एवं मनोकामना कलश यात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा, जबकि 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर 25 गांवों की आस्था से जुड़ी ऐतिहासिक एवं चमत्कारी वायु रथ यात्रा निकाली जाएगी।
यह यात्रा लगभग 15 किलोमीटर के दुर्गम पहाड़ी मार्ग से बिना रस्सियों के संपन्न होती है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
महोत्सव के दौरान स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, आपदा प्रबंधन जागरूकता, विकास प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताएं, मैराथन, महिला सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक संस्कृति और संस्कृत भजन संध्या सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया।
समिति ने सर्वसम्मति से सचिन जोशी को मुख्य संरक्षक तथा श्याम दत्त चौबे को पुनः महोत्सव समिति का अध्यक्ष चुना। अध्यक्ष श्याम दत्त चौबे ने बताया कि शीघ्र ही जिला प्रशासन के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में वर्षों से बिना किसी सरकारी आर्थिक सहायता के आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक मेले को राजकीय मेला घोषित करने, नियमित अनुदान उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र के मंदिरों को मानसखंड माला से जोड़ने की मांग भी दोहराई गई।
बैठक के अंत में समिति के सक्रिय सदस्य भुवन तिवारी एवं संरक्षक केदार दत्त चौबे के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









