
लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड डेयरी विकास विभाग की निदेशक इला गिरी ने गुरुवार को नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड का निरीक्षण कर दुग्धशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दूध संग्रहण, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए कार्यप्रणाली पर संतोष जताया।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों और आधुनिक तकनीकों के उपयोग की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता नियंत्रण और किसानों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली।

इसके बाद निदेशक ने लगभग 84 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने निदेशक को बताया कि नए प्लांट के शुरू होने के बाद दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर विपणन सुविधा मिलेगी और उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रभारी प्रशासन एवं विपणन संजय सिंह भाकुनी, प्रभारी कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, वित्त मैनेजर उमेश पढ़ालनी, लैब टेक्नीशियन दीया पढ़ालनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








