
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। एमबी इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
मंगलवार को विकास भवन, भीमताल के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी पहुंचेंगे और करीब 250 स्टाल लगाए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन समेत सभी व्यवस्थाएं पहले से सुदृढ़ की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने मेले के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, फायर और वन विभाग समेत महत्वपूर्ण विभागों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी अतिथियों को भेजे जाने वाले आमंत्रण पत्रों के ई-कार्ड भी निर्धारित समय सीमा में तैयार कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने अधिकारियों को टीम गठित कर 30 अक्टूबर से पहले सरस मेले से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया पूरी कराने को कहा।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तैयारियों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरस मेला जनपद का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विभागों को सौंपी गईं अलग-अलग जिम्मेदारियां
बैठक में पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जल संस्थान और विद्युत विभाग को पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम हल्द्वानी को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय में पूरे करना अनिवार्य होगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला पंचायतीराज अधिकारी सुरेश बेनी, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रत्यूष कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, मुख्य कृषि अधिकारी संतोषी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, संभागीय परिवहन अधिकारी गुरदेव सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, उपनिदेशक रेशम विभाग रोमिल पांडे, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी और जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










