Haldwani: क्या आप भी लगाना चाहते हैं घर- आँगन में फलदार पेड़? डॉ. आशुतोष पंत दे रहे हैं सुनहरा मौका

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने में जुटे पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी एवं पर्यावरणविद डॉ. आशुतोष पंत ने इस वर्ष भी हरेला पर्व के अवसर पर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाने की घोषणा की है।

15 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक संचालित होने वाले इस अभियान के तहत लोगों को उनकी निजी भूमि पर रोपण के लिए निःशुल्क फलदार पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इस वर्ष 35 हजार से अधिक पौधे लगाने और वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे वर्ष 1988 से जारी इस अभियान के माध्यम से लगाए गए पौधों की संख्या पांच लाख तक पहुंच सके।

Ad

डॉ. पंत ने बताया कि पिछले 38 वर्षों में उनके प्रयासों से चार लाख 65 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। पूर्व वर्षों में प्रतिवर्ष 20 हजार से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा जाता था, लेकिन इस बार लक्ष्य बढ़ाकर 35 हजार से अधिक पौधे लगाने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आम, अमरूद, कटहल, सहजन, आंवला, अनार और माल्टा के पौधे उपलब्ध रहेंगे, जबकि शहरी क्षेत्रों के लिए कम स्थान में उगने वाले करौंदा, नींबू और शरीफा जैसे पौधे भी निःशुल्क दिए जाएंगे।

इच्छुक लोग इन पौधों को प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए केवल एक शर्त रखी गई है कि पौधों को गंभीरता से रोपित कर उनकी देखभाल की जाए और उन्हें प्यार से पाला जाए।

डॉ. पंत ने कहा कि उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय सुशील चंद्र पंत की प्रेरणा से यह अभियान शुरू किया था। अब तक उन्होंने किसी व्यक्ति, संस्था अथवा सरकार से कोई आर्थिक सहायता नहीं ली है। उन्होंने कहा कि जब तक ईश्वर की कृपा बनी रहेगी, तब तक धरती का ऋण चुकाने के लिए अधिक से अधिक कार्य करते रहेंगे।

उन्होंने अपने उन मित्रों, वरिष्ठजनों और शुभचिंतकों का भी आभार व्यक्त किया, जो अपना अमूल्य समय देकर इस अभियान में सहयोग करते हैं। उनके अनुसार, इन सहयोगियों के बिना यह कार्य संभव नहीं हो पाता।

डॉ. पंत ने ग्राम प्रधानों एवं पर्यावरण प्रेमियों से अपील की है कि जो लोग अपने क्षेत्र में पौध भेंट कार्यक्रम आयोजित करना चाहते हैं, वे 30 जून 2026 तक उनके व्हाट्सएप नंबर 9412958988 पर अपने स्थान की विस्तृत जानकारी के साथ संदेश भेज दें।

उन्होंने बताया कि वे स्वयं संबंधित लोगों से संपर्क करेंगे। दूर-दराज के क्षेत्रों में पौधों के परिवहन में होने वाली कठिनाइयों के कारण फिलहाल नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जिलों में कार्यक्रम आयोजित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

डॉ. पंत ने कहा कि जिस तरह ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है, भूजल स्तर लगातार गिर रहा है, प्रदूषण में वृद्धि हो रही है और विकास के नाम पर हरियाली को समाप्त किया जा रहा है, उससे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थिति चिंताजनक होती जा रही है।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के अनेक उपाय हो सकते हैं, लेकिन पेड़ लगाना और उन्हें संरक्षित रखना सबसे सरल, प्रभावी और स्थायी उपाय है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा धरती को हरा-भरा बनाने के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें