
देहरादून/हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पहली बार एक साथ पांच मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों का स्थानांतरण किया गया है। इसके तहत डॉ. अजय आर्या को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी का नया प्राचार्य बनाया गया है। वहीं हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल को अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव शिवेंद्र नारायण सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार डॉ. तितियाल को अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि अल्मोड़ा में उनका प्राचार्य के तौर पर छह माह का कार्यकाल भी पूरा नहीं हुआ था।
वहीं डॉ. चंद्र प्रकाश भैंसोड़ा को रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य बनाया गया है। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को एमबीबीएस की 100 सीटों के लिए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग से मान्यता दिलाना बड़ी चुनौती होगी।
इसके अलावा डॉ. चंद्र मोहन सिंह रावत को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। हल्द्वानी से अल्मोड़ा स्थानांतरित किए गए हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज सिंह को हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है।
डॉ. सयाना को फिर मिली निदेशक चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी
फेरबदल के तहत डॉ. आशुतोष सयाना को एक बार फिर निदेशक चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पूर्व में भी इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके पास अब चिकित्सा शिक्षा विभाग के निदेशक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
इस बड़े फेरबदल से प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव के साथ चिकित्सा शिक्षा और व्यवस्थाओं को और मजबूत करने की उम्मीद है।









