
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। अभी भले ही साल 2026 चल रहा हो लेकिन राजनीतिक पार्टियों के लिए मिशन 2027 शुरू हो चुका है। कुमाऊं का प्रवेश द्वार हल्द्वानी और नैनीताल जिला लगातार वीवीआईपी दौरों की वजह से चर्चाओं में है। इसी क्रम में अब देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। वो हल्द्वानी आकर बड़ी जनसभा के माध्यम से धामी सरकार की चार साल की उपलब्धियों को आम जनता को बताएंगे।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बताया कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च को एक दिवसीय जनपद नैनीताल भ्रमण पर आ रहे हैं।
रक्षा मंत्री 21 मार्च को त्रिशूल एयर फोर्स स्टेशन बरेली से प्रस्थान कर सुबह 11:15 बजे घोड़ाखाल हेलीपैड पहुंचेंगे और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में हीरक जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में प्रतिभाग करेंगे।
उसके बाद रक्षामंत्री दोपहर 01:10 बजे सैनिक स्कूल घोड़ाखाल हैलीपैड से प्रस्थान कर 1:30 बजे आर्मी हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे और आर्मी हेलीपैड से प्रस्थान कर एमबी इंटर कॉलेज मैदान हल्द्वानी में उत्तराखंड सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग करेंगे।
इसके बाद रक्षा मंत्री एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड से आर्मी हेलीपैड, हल्द्वानी के लिए प्रस्थान करेंगे जहां से 03:25 बजे त्रिशूल एयर फोर्स स्टेशन, बरेली के लिए प्रस्थान करेंगे।









