हादसा: हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित घर में चाय बनाते वक्त सिलिंडर में लगी आग, बच्चे महिलाएं घायल, धमाके से कांप गए कॉलोनी वाले

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। बेतहासा गर्मी के इस मौसम में घर के भीतर और बाहर दोनों जगह सावधानी बरतने की जरूरत है।

पीलीकोठी क्षेत्र में जगदंबा विहार कॉलोनी में स्थित एक घर में सिलिंडर में आग लगने के बाद तेज धमाके से हड़कंप मच गया। धमाका इतना डराने वाला था कि कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकल आए।

हादसे में एक महिला बुरी तरह झुलस गई। जबकि दो बच्चे और एक महिला सिलिंडर के टुकड़ों के शरीर में लगने से घायल हो गए। हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है।

पीड़ित परिवार ने किसी तरह कॉलोनी के लोगों की मदद से करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। झुलसी महिला का इलाज चल रहा है जबकि तीन घायलों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

राम अवतार के छोटे बेटे सुभाष पाल के अनुसार, बुधवार को घर में पूजा होनी थी। मेहमान भी आए थे। शाम करीब 4:30 बजे परिवार की महिलाएं किचन में चाय बना रही थी कि तभी सिलिंडर में आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कोई कुछ समझा पाता, इससे पहले ही सिलिंडर की आग फैलने लगी और कुछ ही सेकंड में जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। सिलिंडर की आग से रसोई में रखे फ्रिज का कंप्रेशर भी फट गया।

हादसे में सुभाष की भाभी मंजू पाल (35) पत्नी दिनेश पाल बुरी तरह झुलस गईं। वहीं, रूपा पाल (32) पत्नी हरीश पाल, भांजा आदित्य (12) और पीयूष (8) सिलिंडर के टुकड़े शरीर में लगने से घायल हो गए।

धमाका इतना भीषण था कि घर की एक दीवार में बड़ी दरार के साथ छत की सरिया नजर आ गई। गनीमत रही कि दीवार गिरी नहीं वरना जानमाल का नुकसान बढ़ सकता था। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें