
टनकपुर/चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। जनपद चम्पावत के टनकपुर में महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। राज्य सरकार की आजीविका संवर्धन योजनाओं के तहत प्रेरणा स्वयं सहायता समूह ने पांच महिलाओं को पिंक ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह पहल न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही है, बल्कि उन्हें सम्मानजनक रोजगार भी उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। इसी कड़ी में प्रेरणा स्वयं सहायता समूह ने करीब 10 लाख रुपये की लागत से पांच पिंक ई-रिक्शा खरीदे, जिन्हें पांच जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार के लिए सौंपा गया।
इस परियोजना को सफल बनाने में ग्रामोत्थान परियोजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। योजना के तहत 6 लाख रुपये का अनुदान, 3 लाख रुपये का बैंक ऋण तथा 1 लाख रुपये समूह के स्वयं के अंशदान से यह पहल साकार हुई।
इन लाभार्थियों में सुनीता तिवारी की कहानी विशेष रूप से प्रेरणादायक है। पिंक ई-रिक्शा मिलने के बाद उन्होंने आत्मविश्वास के साथ टनकपुर में परिवहन सेवा शुरू की। आज वे स्वयं अपनी आजीविका चला रही हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। ई-रिक्शा संचालन से उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
यह पहल साबित करती है कि यदि सरकारी योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन हो और स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी मिले, तो ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता, सम्मान और नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









