
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। बरसात के दिनों में कोसी नदी पार करने की मजबूरी और जोखिम अब जल्द ही बीते दिनों की बात होगी। नैनीताल जिले के कटीमी गजार विस्गुली गांव के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लंबे समय से लंबित 190 मीटर स्पान रिवर क्रॉसिंग रोप-वे परियोजना के लिए ₹21.43 लाख की अवशेष धनराशि जारी कर निर्माण कार्य को तत्काल गति देने के निर्देश दिए हैं। रोप-वे बनने के बाद ग्रामीणों को पूरे वर्ष सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए विधानसभा क्षेत्र नैनीताल के ग्राम कटीमी गजार विस्गुली में कोसी नदी पर प्रस्तावित 190 मीटर स्पान रिवर क्रॉसिंग रोप-वे निर्माण के लिए शेष धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस परियोजना के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) न्यास, नैनीताल के माध्यम से कुल ₹85.73 लाख की स्वीकृति दी गई थी।
योजना के तहत पहले चरण में 75 प्रतिशत यानी ₹64.29 लाख की धनराशि लोक निर्माण विभाग, रामनगर की निर्माण इकाई को उपलब्ध कराई गई थी, जिसके आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। अब शेष 25 प्रतिशत यानी ₹21.43 लाख भी कार्यदायी संस्था को जारी कर दिए गए हैं, जिससे परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, रामनगर के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करते हुए सभी शेष कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रोप-वे निर्माण पूरा होने के बाद कटीमी गजार विस्गुली क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षभर कोसी नदी सुरक्षित ढंग से पार करने की सुविधा मिलेगी। इससे दैनिक आवागमन आसान होगा और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से भी लोगों को राहत मिलेगी।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित इस परियोजना को आगे बढ़ाने और अवशेष धनराशि जारी कर निर्माण कार्य को गति देने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल का आभार व्यक्त किया है।









