
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। घर से बाहर निकलने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों को हमेशा सतर्क रहने की जरूरत है। हल्द्वानी में एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ कथित दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
29 जुलाई को हल्द्वानी क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के घर से बिना बताए चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान सामने आया कि विक्रम सिंह (29) पुत्र खुशाल सिंह, निवासी हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल, कथित तौर पर किशोरी को बर्फ वाली गली से अपने वाहन में बैठाकर स्टूडियो ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। इसके बाद वह किशोरी को दोबारा बर्फ वाली गली में छोड़ गया।
आरोप है कि इसके बाद किशोरी डी.के. पार्क पहुंची, जहां उसकी मुलाकात सौरभ बिष्ट (21) पुत्र उमेद सिंह बिष्ट, निवासी त्रिलोकपुर दानी, गौलापार, काठगोदाम, जनपद नैनीताल से हुई। सौरभ कथित रूप से उसे सितारगंज के शक्तिफार्म ले गया, जहां उसके साथ भी दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 115(2), 352 के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 भी जोड़ी गई है। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम पता
1- विक्रम सिंह पुत्र खुशाल सिंह, निवासी हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी, उम्र 29 वर्ष।
2- सौरभ बिष्ट पुत्र उमेद सिंह बिष्ट, निवासी त्रिलोकपुर दानी, गौलापार, उम्र 21 वर्ष।
यह घटना अभिभावकों के लिए गंभीर चेतावनी है कि वे अपने बच्चों को अजनबियों से सावधान रहने, अपनी गतिविधियों की जानकारी परिवार को देने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत भरोसेमंद व्यक्ति से संपर्क करने के लिए जागरूक करें।









