
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत विकासखंड भीमताल में गुरुवार को सहायक परियोजना निदेशक, नैनीताल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिशन के विभिन्न घटकों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और टीम को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लंबित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में खंड विकास अधिकारी भीमताल तथा एनआरएलएम टीम को निर्देशित किया गया कि विकासखंड के सभी स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों की बैंक ई-केवाईसी शत-प्रतिशत जल्द से जल्द पूरी कराई जाए। साथ ही सभी स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों के बैंक लेनदेन का डेटा ऑनलाइन अपलोड करने के कार्य में भी तेजी लाने को कहा गया।
सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल ने निर्देश दिए कि जिन क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) अभी तक नहीं हुई है, वहां अगस्त के प्रथम सप्ताह में बैठक आयोजित की जाए। सभी सीएलएफ की आयकर रिटर्न (आईटीआर) भी 31 जुलाई तक अनिवार्य रूप से दाखिल करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) की प्रगति बढ़ाने के लिए रोस्टर के अनुसार विशेष शिविर लगाने तथा ‘लखपति दीदी’ अभियान के लक्ष्यों को शीघ्र पूरा करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही सभी योजनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी, डीटीई, एफएलई, बीएमएम, एनआरएलएम टीम तथा सामुदायिक कैडर के सदस्य उपस्थित रहे।









