
रामनगर, प्रेस 15 न्यूज। लगातार हो रही बारिश और आपदा ने अब किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रामनगर के छोई गांव में बेलगढ़ के पास सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त होने से सैकड़ों किसानों के सामने धान की फसल बचाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। नहर में भारी मलबा और पेड़ गिरने से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे खेतों तक सिंचाई नहीं पहुंच पा रही है।
समस्या की सूचना मिलते ही समाजसेवी राहुल सिंह दरम्वाल स्थानीय किसानों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त नहर का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और सिंचाई विभाग व जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर नहर की तत्काल मरम्मत शुरू कराने की मांग की।
राहुल सिंह दरम्वाल ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि जल्द नहर की मरम्मत नहीं हुई तो छोई क्षेत्र के सैकड़ों किसान धान की फसल नहीं लगा पाएंगे, जिससे उनकी मेहनत और अब तक की गई लागत पर पानी फिर जाएगा।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि आपदा प्रभावित नहर की युद्धस्तर पर मरम्मत कर किसानों को शीघ्र राहत दी जाए, ताकि सिंचाई व्यवस्था बहाल हो सके और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
स्थानीय किसानों ने भी प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि मौसम की मार पहले ही खेती पर भारी पड़ रही है। ऐसे में यदि सिंचाई व्यवस्था जल्द बहाल नहीं हुई तो इस सीजन में धान की खेती पर गंभीर असर पड़ सकता है।









