
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए जब अधिकारी खुद मरीज बनकर अस्पताल पहुंचे, तो कई चौंकाने वाली लापरवाहियां सामने आ गईं। भीमताल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में औचक निरीक्षण के दौरान न सिर्फ बड़ी संख्या में कर्मचारी अनुपस्थित मिले, बल्कि व्यवस्थाओं की पोल भी खुलती नजर आई।
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल का औचक निरीक्षण किया। खास बात यह रही कि सीडीओ स्वयं मरीज बनकर अस्पताल पहुंचे, ताकि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर 15 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को दिए।
सीडीओ ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान दवाइयों की एक्सपायरी डेट की जांच की गई और यह भी सुनिश्चित किया गया कि मरीजों को बाहर की दवाइयां तो नहीं लिखी जा रही हैं। उन्होंने अल्ट्रासाउंड मशीन, एक्स-रे मशीन की स्थिति का भी जायजा लिया और आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित मरीजों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएमएस को निर्देशित किया कि अस्पताल में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कार्मिकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।









