
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। सालों से न्याय की आस में दर-दर भटक रहे पीड़ित, थानों से लेकर अधिकारियों के दफ्तरों तक गुहार… और दूसरी ओर करोड़ों की जमीन ठगी का आरोपी खुला घूमता रहा, मानो सिस्टम की मेहरबानी उस पर बनी हो। लेकिन अब कहानी बदली है।
नैनीताल पुलिस ने आखिरकार लंबे समय से फरार चल रहे इस शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि गिरफ्तारी के बाद भी पीड़ितों का दर्द कम नहीं हुआ, क्योंकि उनकी मेहनत की कमाई अब भी दांव पर लगी है।
पुलिस ने करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी के आरोपी गौलापार के दीपांशु बेलवाल को गिरफ्तार कर लिया है। गौलापार क्षेत्र का रहने वाला यह आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और दर्जनों लोगों को जमीन बेचने के नाम पर ठग चुका था।
पीड़ितों में शामिल नवाबी रोड हल्द्वानी निवासी कमला देवी समेत कई लोगों ने आरोपी के खिलाफ जमीन की बिक्री और रजिस्ट्री के नाम पर करीब 1 करोड़ 44 लाख 49 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। इस मामले में चोरगलिया थाने में FIR संख्या 08/2025 दर्ज की गई थी, जिसमें आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा कायम हुआ।
हैरानी की बात यह रही कि मामला दर्ज होने के बावजूद आरोपी लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। पीड़ित लगातार न्याय की गुहार लगाते रहे थाना, चौकी, यहां तक कि कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के सामने भी फरियाद रखी गई लेकिन आरोपी तक पहुंचने में सिस्टम नाकाम साबित हुआ।
आखिरकार 24 मार्च की शाम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उसे कहां से पकड़ा गया।
शातिर बेलवाल की कुंडली
दीपांशु बेलवाल (31 वर्ष), पुत्र स्व. नारायण दत्त बेलवाल, निवासी—सुरेन्द्रपुर बेलवाल, गौलापार, थाना चोरगलिया, जनपद नैनीताल।
आरोपी की गिरफ्तारी भले ही पुलिस के लिए बड़ी सफलता हो, लेकिन पीड़ितों के लिए यह लड़ाई अभी अधूरी है। उनकी निगाहें अब इस पर टिकी हैं कि क्या उन्हें उनकी गाढ़ी कमाई वापस मिल पाएगी या यह गिरफ्तारी भी सिर्फ एक औपचारिक कार्रवाई बनकर रह जाएगी।









