हल्द्वानी में अब क्या बदलेगा? नगर निगम बोर्ड ने लिए 15 बड़े फैसले

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक गुरुवार को नगर निगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगर हित और जनसुविधाओं से जुड़े 15 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक शुरू होने से पहले उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत 8 पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद बोर्ड बैठक में शहर की सफाई, विद्युत व्यवस्था, सड़क-नाली निर्माण, जल सुविधा, गोशाला, कचरा प्रबंधन, नगर निगम की व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

Ad

यूजर चार्ज के लिए मोबाइल ऐप शुरू

बैठक के दौरान नगर निगम की ओर से डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया गया। डिजिटल व्यवस्था से यूजर चार्ज वसूली को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।

किरायेदारी दुकानों का किराया 50 प्रतिशत बढ़ेगा

बोर्ड ने नगर निगम के स्वामित्व वाली किरायेदारी दुकानों के किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी। साथ ही 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा कराने पर किराया छूट देने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय 31 मार्च 2026 के पूर्व बोर्ड प्रस्ताव में संशोधन करते हुए लिया गया।

सफाई और बिजली व्यवस्था होगी मजबूत

नगर निगम क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 200 विद्युत पोल एवं तार लगाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वहीं सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गाड़ियां, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदे जाने का फैसला लिया गया।

नगर निगम कार्यालय के पश्चिमी हिस्से में स्थित मुख्य भवन के विस्तारीकरण और सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली। वहीं सुभाष नगर स्थित नगर निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोले जाने पर विचार करने का प्रस्ताव पारित हुआ।

महापुरुषों की मूर्तियों के लिए भूमि चयन

नगर क्षेत्र में महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि का चयन कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने को भी बोर्ड ने मंजूरी दी।

गोशाला में बायोगैस प्लांट और इंसिनरेटर

गंगापुर कबड़वाल स्थित नगर निगम की गोशाला में बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए गोशाला में इंसिनरेटर लगाए जाने को भी मंजूरी दी गई।

नैनीताल से प्राप्त 50 टीपीडी फ्रेश वेस्ट प्लांट से संबंधित अवशेष भुगतान की कार्यवाही शासनादेश के अनुरूप किए जाने का प्रस्ताव भी बोर्ड ने पारित किया।

ठोस कचरा प्रबंधन के लिए उपविधि बनेगी

ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 (एसडब्ल्यूएम रूल्स-2026) के तहत नगर निगम की उपविधि बनाए जाने को भी स्वीकृति दी गई। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में ट्यूबवेल निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने और अवमुक्त किए जाने संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।

नगर निगम क्षेत्र में संचालित आरोग्य मंदिर के अनुबंध पर विचार करने का प्रस्ताव भी बोर्ड ने पारित किया।

पार्षदों के तीन जनहित प्रस्तावों को भी मंजूरी

बोर्ड बैठक में पार्षदों की ओर से रखे गए तीन जनहित प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। इनमें नगर निगम क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों की सुविधा के लिए वाटर कूलर स्थापित करना शामिल है।

इसके अलावा यूयूएसडीए की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों के साथ नालियों का निर्माण भी अनिवार्य रूप से कराए जाने का प्रस्ताव पारित हुआ।

पार्षद हरगोविंद रावत की ओर से आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को तत्काल हटाने तथा भविष्य में आवासीय क्षेत्रों में ऐसी दुकानों के संचालन पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में पूर्व में कराए गए कार्यों की कार्य-पश्चात स्वीकृति भी बोर्ड की ओर से प्रदान की गई।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी श्री टोलिया समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और सभी पार्षद मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें