
हल्द्वानी/नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। जनपद नैनीताल में 8 अप्रैल को मौसम का मिजाज अचानक बदलने की संभावना है। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया है और आमजन से सतर्क रहने की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी, नैनीताल ने मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के आधार पर जानकारी देते हुए बताया कि 8 अप्रैल 2026 को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं।
मौसम के इस संभावित खतरे को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे आवागमन के दौरान विशेष सावधानी और नियंत्रण बरतें। साथ ही संबंधित तहसीलों, आपदा कंट्रोल रूम और जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र को क्षति से जुड़ी सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी नामित नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई और एडीबी समेत संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने पर उसे तत्काल खुलवाया जाए। इसके अलावा समस्त राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी चौकी और थाने आपदा संबंधी उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ हाई अलर्ट पर रहेंगे। सभी अधिकारी अपने वाहनों में आवश्यक सामग्री जैसे टॉर्च, छाता, हेलमेट व अन्य जरूरी उपकरण साथ रखें।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या क्षति की सूचना तुरंत जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के फोन नंबर 05942-231178/79/81, टोल फ्री नंबर 1077 तथा राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 0135-2710335, 2710334 पर अवश्य दें।









