11 और 12 जून को सतर्क रहें: नैनीताल समेत 7 जिलों में आंधी, बिजली और तेज बारिश की चेतावनी

खबर शेयर करें -

देहरादून/नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में मानसून से पहले मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं।

11 और 12 जून को नैनीताल, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली गिरने तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Ad

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील मार्गों की निगरानी करने और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने एनएच, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, बीआरओ सहित सभी निर्माण एजेंसियों को मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत और अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यालय न छोड़ने तथा मोबाइल फोन सक्रिय रखने को कहा गया है।

स्कूलों को भी विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा नगर निकायों को नालियों और कलवर्टों की सफाई सुनिश्चित करने तथा जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें