
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग में 134 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के माध्यम से आज से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेशवासियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है। इसी क्रम में एनएचएम के तहत सीएचओ के 134 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्राथमिक और उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाओं की रीढ़ होते हैं। इनकी तैनाती से दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
जिलावार पदों का विवरण इस प्रकार है:
अल्मोड़ा – 15
चमोली – 13
चंपावत – 7
देहरादून – 6
हरिद्वार – 14
नैनीताल – 4
पौड़ी – 24
पिथौरागढ़ – 16
टिहरी – 10
ऊधमसिंह नगर – 20
उत्तरकाशी – 5
स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।









