ओखलकांडा: बोलेरो हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत, विधायक कैड़ा ने परिवार के लिए 10 लाख ₹ सहायता की उठाई मांग

खबर शेयर करें -

भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। ओखलकांडा ब्लॉक के अंतर्गत पटरानी से लुगड की ओर आ रही एक बोलेरो वाहन देर रात अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में वाहन चालक शिरोमणि कोटलिया (32 वर्ष) पुत्र हरिदत्त की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों ने बताया कि शिरोमणि कोटलिया पटरानी क्षेत्र में सवारियां छोड़ने के बाद बोलेरो से वापस अपने गांव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि चालक को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना दी।

Ad

हादसे की सूचना राम सिंह कैड़ा को दी गई। विधायक कैड़ा ने तत्काल मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल से दूरभाष पर वार्ता कर मृतक का पोस्टमार्टम मौके पर ही कराने को कहा, ताकि शोक संतप्त परिजनों को अनावश्यक परेशानी न हो।

प्रशासन की तत्परता से सभी औपचारिकताएं मौके पर पूरी की गईं और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। विधायक राम सिंह कैड़ा ने मृतक चालक की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और वे इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।

इसके बाद विधायक कैड़ा ने देहरादून पहुंचकर सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को पूरे हादसे की जानकारी देते हुए मृतक चालक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की। विधायक कैड़ा ने कहा कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और उसकी अचानक मृत्यु से परिवार पर भारी संकट आ गया है।

विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में होने वाले ऐसे हादसों को देखते हुए पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे इस कठिन समय से उबर सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद प्रदान करेगी।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
1
+1
0
+1
1
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें