
रुद्रप्रयाग, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में मौसम ने अचानक भयावह रूप धारण कर लिया। तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से लखनऊ के दो सगे पर्यटक भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। प्रतिकूल मौसम में फंसे 50 से अधिक पर्यटकों को प्रशासन, डीडीआरएफ और राहत दलों ने सुरक्षित बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाल दिया।
रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 4:17 बजे अचानक मौसम खराब हो गया। तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली के चलते क्षेत्र में मौजूद कई पर्यटक मुश्किल में फंस गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहत दलों के पहुंचने से पहले ही आकाशीय बिजली की चपेट में आने से लखनऊ निवासी 19 वर्षीय अभिनव वाजपेयी की मौके पर ही मौत हो गई। उनके बड़े भाई 22 वर्षीय अभिषेक वाजपेयी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में उन्नाव निवासी 25 वर्षीय शुभम शुक्ला, आजन मिश्रा और नीव मिश्रा घायल हो गए। राहत दलों ने तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस बीच खराब मौसम के कारण क्षेत्र में फंसे 50 से अधिक पर्यटकों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। प्रशासन और राहत एजेंसियों ने देर शाम तक बचाव अभियान चलाकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।
ऊखीमठ थाना प्रभारी मनोज नेगी ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरी सतर्कता के साथ संचालित किया गया और क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों, ट्रेकिंग मार्गों और खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का अनिवार्य रूप से पालन करें।









