दुःखद 😥 रक्षाबंधन से तीन दिन पहले रुड़की में रिश्ते तार-तार, भाई ने दो सगी बहनों को मारी गोली

खबर शेयर करें -

रुड़की, प्रेस 15 न्यूज। रक्षाबंधन से महज तीन दिन पहले रुड़की की इस वारदात ने भाई-बहन के रिश्ते को झकझोर दिया है। जिन बहनों ने बचपन से अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र की दुआ की होगी, आज उसी भाई पर उनकी सांसें छीन लेने का आरोप है।

आखिर हमारे रिश्तों को हो क्या रहा है? क्यों छोटी-छोटी बातें इतनी बड़ी हो जा रही हैं कि गुस्से के आगे रिश्ते, अपनापन और खून के रिश्ते भी बौने पड़ने लगे हैं? सब्र जैसे खत्म होता जा रहा है और गुस्सा चरम पर पहुंच रहा है जिसका अंजाम कभी-कभी जिंदगी भर का पछतावा बन जाता है।

Ad

रुड़की में मंगलवार शाम सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। पनियाला रोड क्षेत्र में एक भाई ने एक ही शहर में अलग-अलग स्थानों पर रह रही अपनी दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी।

आरोपी ने दूसरी बहन के पति को भी गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने देर रात चुड़ियाला स्थित उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक संगीता उर्फ शकुंतला (50) प्रीत विहार में रहती थीं। मंगलवार शाम करीब 7:20 बजे वह घर से कुछ दूरी पर सेक्टर रोड से ई-रिक्शा में जा रही थीं। इसी दौरान उनका भाई वहां पहुंचा और उन पर गोली चला दी। गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

इसके बाद आरोपी वहां से करीब दो किलोमीटर दूर सुभाषनगर पहुंचा। करीब 20 मिनट बाद वह अपनी दूसरी बहन पुष्पा (42) के घर पहुंचा। जैसे ही पुष्पा ने दरवाजा खोला, आरोपी ने उन पर भी गोली चला दी।

गोली की आवाज सुनकर पुष्पा के पति संदीप बाहर आए तो आरोपी ने उन्हें भी गोली मार दी। गोली उनके कंधे में लगी, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

लगातार दो बहनों को गोली मारे जाने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने देर रात आरोपी को चुड़ियाला स्थित उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। वारदात के पीछे की वजह क्या थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

रक्षाबंधन से महज तीन दिन पहले सामने आई इस वारदात ने भाई-बहन के रिश्ते को ही झकझोर कर रख दिया है। जिस भाई की कलाई पर बहन की राखी सजनी थी, उसी भाई पर अपनी दो बहनों की हत्या का आरोप है।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें