“सिर्फ नंबर नहीं… चरित्र और संस्कार तय करते हैं आपकी असली सफलता” : बंशीधर तिवारी

खबर शेयर करें -

देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। सफलता केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने का नाम नहीं है, बल्कि मजबूत चरित्र, नैतिक मूल्य, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी ही किसी व्यक्ति को वास्तविक अर्थों में सफल बनाती है।

यह बात डीजी सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने रविवार को देहरादून के नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह में कही।

Ad

एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी सोच को केवल अंकों और डिग्रियों तक सीमित न रखें। ज्ञान, चरित्र, ईमानदारी, संवेदनशीलता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व जैसे गुण ही उन्हें जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

बंशीधर तिवारी ने कहा कि सफलता किसी एक दिन की उपलब्धि नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, सीखने की ललक और मजबूत जीवन मूल्यों का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक उत्कृष्टता महत्वपूर्ण है, लेकिन सफल करियर, पारिवारिक संस्कार, सामाजिक योगदान और व्यक्तिगत संतुष्टि मिलकर ही जीवन को सार्थक बनाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन, धैर्य और उद्देश्यपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए ऐसे युवाओं की जरूरत है, जो पेशेवर उत्कृष्टता के साथ नैतिक नेतृत्व, नवाचार और जिम्मेदार नागरिकता का परिचय दें। उन्होंने सफलता के साथ विनम्रता और कृतज्ञता बनाए रखने की भी सीख दी।

डीजी सूचना ने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की सराहना करते हुए कहा कि ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ जैसे आयोजन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान करने के साथ-साथ उन्हें बड़े सपने देखने और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविदों, विद्यालयों के प्रमुखों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें