
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी में महिलाओं की सुरक्षा और अस्मिता को शर्मसार करने वाली एक और शर्मनाक घटना सामने आई है। दिल्ली की युवती के साथ फतेहपुर हल्द्वानी के रहने वाले टैक्सी चालक दीपक सिंह बोरा की दरिंदगी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब एक ऑटो चालक की हैवानियत ने समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया।
मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करने वाला नयागांव कालाढूंगी का “शैतान” आखिरकार हत्थे चढ़ गया है। आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।
कोतवाली हल्द्वानी में दर्ज शिकायत के अनुसार, 5 मार्च को एक महिला ने कोतवाली में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाली एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के घर में एक युवक जबरन घुस गया और उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना से आसपास के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 75/2026 धारा 74/332 (सी) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सघन तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी करन आर्या को जेल रोड, शीशमबाग कॉलोनी के पास से घटना में प्रयुक्त ऑटो के साथ दबोच लिया। घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK 04TA-7131 बरामद कर लिया है।
अभियुक्त की कुंडली
करन आर्या निवासी – नया गांव, थाना कालाढूंगी, जिला नैनीताल, उम्र – 20 वर्ष









