
नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में गेठिया के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह वाहन संख्या UP 78 HJ 4936 (वेन्यू कार) गेठिया के पास मुख्य सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस, SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी दिखाते हुए टीमों ने खाई में फंसे सभी चार लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य घायल अवस्था में मिले।
घायल दोनों युवकों को 108 एम्बुलेंस के जरिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों की पहचान:
अतुल दुबे (26 वर्ष), निवासी पीतांबर नगर, उन्नाव
श्याम (30 वर्ष), निवासी पीतांबर नगर, उन्नाव
मृतकों की पहचान:
अभिराज (26 वर्ष), निवासी पीतांबर नगर, उन्नाव
अंकित चौधरी (25 वर्ष), निवासी पीतांबर नगर-2, उन्नाव
बताया जा रहा है कि सभी चारों युवक उन्नाव से जागेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बी.डी. पांडे जिला अस्पताल, नैनीताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। साथ ही परिजनों को सूचना दे दी गई है।
प्राथमिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। इस रेस्क्यू अभियान में स्थानीय पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमों ने सराहनीय भूमिका निभाई।









