Nainital: कुमाऊं विश्वविद्यालय की प्रो. वीना पांडे विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल, बढ़ाया उत्तराखंड का मान

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। सीमित संसाधनों के बीच शोध और नवाचार के दम पर उत्तराखंड ने वैश्विक वैज्ञानिक जगत में एक और महत्वपूर्ण पहचान हासिल की है। कुमाऊं विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. वीना पांडे को विश्व के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान प्राप्त हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल कुमाऊं विश्वविद्यालय बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश के शैक्षणिक एवं शोध जगत का गौरव बढ़ा है।

यह सम्मान प्रो. वीना पांडे को उनके उत्कृष्ट शोध प्रकाशनों, वैज्ञानिक अनुसंधानों तथा अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के आधार पर प्राप्त हुआ है। 29 मई 2026 को डिजिटल रूप से जारी प्रमाणपत्र के माध्यम से उन्हें इस उपलब्धि की औपचारिक जानकारी दी गई। प्रमाणपत्र की सत्यापन आईडी A5039026034 है।

Ad

भीमताल स्थित बायोटेक्नोलॉजी विभाग की स्थापना से लेकर उसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में प्रो. वीना पांडे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके नेतृत्व में विभाग ने शोध और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छुआ है। विभाग की टीम और शोधार्थियों के साथ मिलकर किए गए प्रयासों का ही परिणाम है कि आज यह विभाग देश के प्रतिष्ठित शोध संस्थानों में अपनी अलग पहचान बना चुका है।

प्रो. वीना पांडे के नेतृत्व में विभाग ने देश के कई अग्रणी शोध एवं वैज्ञानिक संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किए हैं। इन समझौतों से विभाग के शोधार्थियों को अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और संयुक्त शोध परियोजनाओं का लाभ मिलेगा।

इस उपलब्धि पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. वीना पांडे की यह सफलता विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और इससे विश्वविद्यालय के शोध कार्यों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

प्रो. वीना पांडे की यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवा शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है, जो यह संदेश देती है कि समर्पण, निरंतर शोध और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के बल पर वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट) 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें