
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी और हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोमेश्वर (अध्ययन केंद्र कोड–17071) के मध्य अध्ययन केंद्र के संचालन को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) का नवीनीकरण किया गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट तथा महाविद्यालय की ओर से सहायक आचार्य डॉ. अमिता प्रकाश ने माननीय कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी की गरिमामयी उपस्थिति में MoU पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में अतिरिक्त निदेशक (क्षेत्रीय सेवाएं) प्रो. एम. एम. जोशी एवं प्रशासनिक अधिकारी श्री पी. एस. परिहार भी उपस्थित रहे।
MoU नवीनीकरण के पश्चात अध्ययन केंद्र के माध्यम से क्षेत्रीय विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे सोमेश्वर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर के समीप दूरस्थ माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का लक्ष्य प्रदेश के दूरस्थ, पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी छात्र उच्च शिक्षा से वंचित न रहे।
महाविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्र के विद्यार्थियों से अपील की कि वे आगामी शैक्षणिक सत्र में हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोमेश्वर (अध्ययन केंद्र कोड–17071) के माध्यम से अधिकाधिक संख्या में प्रवेश लेकर इस शैक्षणिक अवसर का लाभ उठाएं।









