
मायावती आश्रम का बड़ा कदम: धर्मार्थ चिकित्सालय में निशुल्क शिविर शुरू, नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञ भी पहुंचे
विशाल चिकित्सा शिविर का शुभारंभ: आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज ने किया शिविर का उद्घाटन, दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों मरीज।
निःशुल्क बस सेवा और विशेष सुविधाएं: मरीजों की सुविधा के लिए लोहाघाट से चलाई गई फ्री बस, 14 अक्टूबर तक चलेगा तीन दिवसीय शिविर।
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में तीन दिवसीय विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर की शुरुआत हो गई है। शिविर का विधिवत शुभारंभ आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्वागत और सम्मान करते हुए कहा कि गरीबों की सेवा से मिलने वाला आशीर्वाद वह अमूल्य पूंजी है जिसे बाजार से नहीं खरीदा जा सकता।
चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने जानकारी दी कि शिविर में सभी आवश्यक दवाइयों की पुख्ता व्यवस्था की गई है। इस बार शिविर में पहली बार नेफ्रोलॉजी (किडनी रोग) का विशेष सत्र भी लगाया गया है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम दे रही सेवाएं
शिविर में देश के नामी विशेषज्ञ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- डॉ. दया नाथ मिश्र: नेफ्रोलॉजी (किडनी रोग) शिविर का संचालन।
- डॉ. स्पंदन भादुरी: हृदय रोग विशेषज्ञ।
- डॉ. झूमर भादुरी: स्त्री रोग विशेषज्ञ।
- डॉ. सुधाकर राव: चर्म रोग विशेषज्ञ।
- डॉ. राजेश बरासिया: सर्जन।
मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था
शिविर के पहले दिन ही उम्मीद से अधिक संख्या में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से मरीज अपना इलाज कराने पहुंचे। मरीजों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए चिकित्सालय प्रबंधन द्वारा लोहाघाट से निशुल्क बस सेवा का संचालन भी किया गया है। यह बहुउपयोगी चिकित्सा शिविर आगामी 14 अक्टूबर तक जारी रहेगा, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की रिपोर्ट ✍️)











