जिस पल का था इंतजार, वो आया… भक्तों के लिए खुला माँ नंदा-सुनंदा का दरबार

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल का प्रतिष्ठित माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव आज ब्रह्ममुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ। प्राण प्रतिष्ठा के बाद माँ नंदा-सुनंदा की प्रतिमा से पर्दा हटाकर भक्तों के दर्शनों के लिए खोल दिया गया। माँ के दर्शन होते ही मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से सराबोर हो उठा।

नैनीताल के प्रतिष्ठित माँ नयना देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित इस महोत्सव के लिए प्रतिमा निर्माण की प्रक्रिया बीती 16 सितंबर को शुरू हुई थी।

Ad

इस दिन भक्तों की एक टोली को धूमधाम और विधि-विधान के साथ प्रतिमा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कदली वृक्ष को लेने के लिए रवाना किया गया था। टोली 17 सितंबर को कदली वृक्ष लेकर वापस लौटी, जिसके बाद माँ नंदा-सुनंदा की प्रतिमा निर्माण का कार्य शुरू हुआ जो 18 सितंबर तक चला।

इसके बाद शनिवार को ब्रह्ममुहूर्त में विधि-विधान से प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। पूजा-अर्चना पूरी होने के बाद माँ की प्रतिमा को भक्तों के दर्शनों के लिए खोल दिया गया। पुजारी भगवत प्रसाद जोशी ने बताया कि पूजा लगभग सवा दो बजे शुरू हुई और सवा चार बजे पूर्ण हुई। इसके बाद भक्तों के लिए माँ के दर्शन खोल दिए गए।

माँ नंदा-सुनंदा की प्रतिमा को पूर्णतः पर्यावरण अनुकूल तरीके से तैयार किया जाता है। श्रद्धालु 23 सितंबर तक माँ के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद माँ नंदा-सुनंदा की प्रतिमा को नगर भ्रमण कराया जाएगा और विधि-विधान के साथ नैनीझील में विसर्जित किया जाएगा।

पुजारी भगवत प्रसाद जोशी ने श्रद्धालुओं से आस्था में भाव को और प्रगाढ़ करने का आह्वान किया। वहीं, माँ के दर्शनों के लिए पहुंचे भक्तों ने भी अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए माँ नंदा-सुनंदा से मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।

(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें