
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। नगर की प्रतिभाशाली बेटी अंकिता मांगलिक ने लोअर पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर चयन हासिल किया है। उनकी सफलता से परिवार के साथ ही लोहाघाट क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। अंकिता ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
राजकीय ठेकेदार राकेश मांगलिक की पुत्री अंकिता ने कक्षा 10 तक की शिक्षा लोहाघाट के महर्षि विद्या मंदिर से प्राप्त की। इसके बाद हरिद्वार के महर्षि विद्या मंदिर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने लखनऊ से बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर तथा दिल्ली से मास्टर ऑफ आर्किटेक्चर की डिग्री हासिल की।
शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहीं अंकिता ने अपने करियर के लिए अलग क्षेत्र चुना और अब प्रशासनिक सेवा में कदम रखा है। उनका अंतिम लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनना है। अंकिता का कहना है कि लोअर पीसीएस में चयन उनके लक्ष्य की दिशा में पहली सीढ़ी है और वह आगे भी पूरी मेहनत के साथ तैयारी जारी रखेंगी।
अंकिता की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष जुकड़िया, दानू सुतेड़ी सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)









