
लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रज्ञान पीएसपी एक्शन फाउंडेशन ने पहल की है। फाउंडेशन की ओर से अंबेडकर गांव बैड़ा ओड़ में पुस्तकालय की स्थापना की गई है।
फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं कॉरपोरेट जगत से लंबे समय तक जुड़े रहे राजशेखर जोशी ने पुस्तकालय का शुभारंभ कर ग्रामीणों को दशहरे की सौगात दी।
राजशेखर जोशी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उचित मार्गदर्शन और संसाधनों के अभाव में कई युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता।
युवाओं को जीवन का लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से पुस्तकालय की शुरुआत की गई है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए करीब 100 महत्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने और नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया। कहा कि अध्ययन सबसे बड़ी पूंजी है। लगन और मेहनत के दम पर युवा सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।
कौशल विकास केंद्र से मिलेगा रोजगार
राजशेखर जोशी ने बताया कि लोहाघाट में कौशल विकास केंद्र की स्थापना की जा रही है। इसके माध्यम से 26 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने के साथ ही 12वीं पास युवाओं को व्यक्तित्व विकास, कौशल प्रशिक्षण और करियर काउंसलिंग की सुविधा दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को टाटा समूह द्वारा संचालित ताज ग्रुप में स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे वे सम्मानजनक ढंग से अपना जीवनयापन कर सकें।
पुस्तकालय के संचालन की जिम्मेदारी धीरज कुमार को सौंपी गई है। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार और पूर्व बीडीसी सदस्य विनोद कुमार भी इस पहल को धरातल पर उतारने में सहयोग कर रहे हैं। कार्यक्रम में रोशन कुमार, नरेंद्र महरा, कमल परथोली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की रिपोर्ट)











