
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।जब विचार नेक हों और नीयत साफ, तो एक अकेला इंसान भी पूरे समाज में परिवर्तन की लहर ला सकता है।
पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी समाजसेवी और वरिष्ठ भाजपा नेता गुंजन तिवारी ने अपनी इसी जनकल्याणकारी सोच और दृढ़ संकल्प से हल्द्वानी, कालाढूंगी और आसपास के क्षेत्रों में जन चेतना का एक नया इतिहास रच दिया है।
गुंजन तिवारी के नशा मुक्ति के एक संकल्प ने देखते ही देखते एक विशाल जन-आंदोलन का रूप ले लिया। बीते 22 से 25 अक्टूबर तक कोटाबाग से शुरू होकर कालाढूंगी और हल्द्वानी तक आयोजित विशाल पदयात्रा में हजारों-हजारों परिवार शामिल हुए। इस यात्रा के दौरान क्या बच्चे, क्या बुजुर्ग और क्या मातृशक्ति समाज के हर वर्ग ने गुंजन तिवारी जी का दिल खोलकर स्वागत और समर्थन किया।
यह पदयात्रा इस बात का जीता-जागता सबूत बनी कि जब नेतृत्व सच्चा और निस्वार्थ हो, तो पूरा समाज बुराइयों को मिटाने के लिए एक साथ खड़ा हो जाता है।
इसी जन-समर्पण और नशा मुक्ति अभियान की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए आज विशेष टाउनशिप कमलुआगांजा, हल्द्वानी में पंचशील वेलफेयर सोसाइटी के अंतर्गत कॉलोनी के बुजुर्गों एवं बच्चों के लिए एक ओपन जिम की स्थापना की गई।
वरिष्ठ भाजपा नेता और समाजसेवी गुंजन तिवारी द्वारा इस ओपन जिम का शुभारंभ अत्यंत उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में किया गया, जिसमें क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
ओपन जिम के शुभारंभ के अवसर पर गुंजन तिवारी ने कहा कि नशा मुक्ति का सबसे सशक्त और प्रभावी तरीका युवाओं और बच्चों को खेल तथा फिटनेस की ओर मोड़ना है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को अपने घर के आसपास ही नियमित व्यायाम के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, वहीं बच्चों और युवाओं में बचपन से ही शारीरिक गतिविधियों एवं स्वस्थ आदतों का बीजारोपण करना है ताकि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से हमेशा दूर रहें।
पंचशील वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष जसोद बिष्ट, मोहन सिंह कैडा और दीवान सिंह अधिकारी ने इस दूरदर्शी पहल का तहे दिल से स्वागत करते हुए गुंजन तिवारी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सार्वजनिक सुविधा से निवासियों में नियमित व्यायाम की आदत विकसित होगी। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी कॉलोनीवासियों से जिम के उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने, क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने और इस सार्वजनिक संपत्ति की देखभाल करने की अपील की गई।
वरिष्ठ भाजपा नेता और समाजसेवी गुंजन तिवारी का यह प्रयास न केवल नशा मुक्त समाज के निर्माण में मील का पत्थर साबित हो रहा है, बल्कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, खुशहाली और सामुदायिक एकजुटता की नई अलख भी जगा रहा है।
वरिष्ठ भाजपा नेता और पुष्पा मेमोरियल फाउंडेशन के ट्रस्टी समाजसेवी गुंजन तिवारी मानो कह रहे हों कि ना पूछो कि मेरी मंजिल कहाँ है, अभी तो सफर का इरादा किया है, ना हारूँगा हौसला उम्र भर, ये मैंने किसी से नहीं, खुद से वादा किया है।











