हमारे वीरों को घुसपैठिया कहते हैं… लोहाघाट में दहाड़े अरविंद मेनन, कांग्रेस पर बोले सबसे तीखे बोल

खबर शेयर करें -

लोहाघाट, प्रेस 15 न्यूज। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने कुमाऊं में अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी के नवनियुक्त कुमाऊं मंडल सह प्रभारी अरविंद मेनन ने अपने पहले कुमाऊं दौरे की शुरुआत लोहाघाट से की और पहले ही दिन कांग्रेस पर तीखे प्रहार करते हुए कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया।

उत्तराखंड के सैन्य गौरव का उल्लेख करते हुए मेनन ने कहा कि देवभूमि के कण-कण में देवताओं का वास है और यहां के लोग तब जागकर सीमाओं की रक्षा करते हैं, जब पूरा देश सो रहा होता है। इतिहास गवाह है कि उत्तराखंड के वीरों ने अपने खून से देश की रक्षा पंक्ति का इतिहास लिखा है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीरों को जब राजनीति के निचले पायदान पर पहुंचे लोग घुसपैठिया कहते हैं, तो उनकी मानसिकता पर पूरे देश को तरस आता है।

Ad

गौरतलब है कि प्रदेश प्रभारी राम माधव ने चुनाव को देखते हुए दोनों मंडलों के लिए अलग-अलग सह प्रभारी बनाए हैं। गढ़वाल मंडल की कमान बांसुरी स्वराज और कुमाऊं मंडल की जिम्मेदारी अरविंद मेनन को सौंपी गई है। मेनन संगठन के अनुभवी रणनीतिकार माने जाते हैं और पश्चिम बंगाल चुनाव में भी पार्टी के लिए अहम भूमिका निभा चुके हैं।

कार्यकर्ताओं से संवाद में मेनन ने कहा कि भाजपा के सत्ता में रहने पर ही कार्यकर्ताओं का अस्तित्व मजबूत होता है और उन्हें राष्ट्रसेवा का अवसर मिलता है। इसलिए हर कार्यकर्ता को पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरना होगा।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को महामानव बताते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस शासन में गर्त में पहुंचे देश का मान-सम्मान लौटाया है और दुनिया में भारत की ऐसी पहचान बनाई है कि आज देश के दुश्मन भी कांपते हैं।

मेनन ने आरोप लगाया कि जेन-ज़ी के नाम पर देश में अशांति फैलाने का प्रयास हो रहा है, जिसकी अगुवाई कांग्रेस के राजकुमार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं को ध्वस्त करने की हर कोशिश में कांग्रेस पहली पंक्ति में खड़ी दिखाई देती है।

मेनन ने जनता से “जागते रहो” का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 का चुनाव केवल सरकार चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय गौरव का संघर्ष है।

उन्होंने कहा कि जनता को तय करना होगा कि वह कांग्रेस को सत्ता सौंपकर राज्य की स्थिति चील के घोंसले में रखे मांस के टुकड़े जैसी बनाना चाहती है या सनातन का परचम लहराने वाले प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा के पीछे चट्टान की तरह खड़ी होगी। उन्होंने कहा कि यह सवाल आज हर आम नागरिक के लिए गंभीर चिंतन का विषय है।

दौरे के दौरान लोहाघाट के समीप चिड़ियाढुंगा गांव में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चंद्र पाण्डेय के निज आवास पर कार्यकर्ताओं ने मेनन का गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां आत्मीय माहौल में मेनन ने कहा कि इस अंचल के लोगों के सरल-सात्विक विचारों और राष्ट्रवादी सोच ने उनके मन को छू लिया है।

केरल से आए मेनन ने कहा कि अब कुमाऊं उनके लिए मायका बन गया है। वे घर-घर जाकर माताओं-बहनों और हर वर्ग के लोगों से संवाद करेंगे, और इसी संवाद से निकले निष्कर्ष उत्तराखंड की नई तस्वीर और लोगों की तकदीर की स्क्रिप्ट लिखने में मदद करेंगे।

मेनन के दौरे के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी ने पहले 60 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब माहौल ऐसा बन रहा है कि यह लक्ष्य भी पीछे छूटता नजर आ रहा है। पूरे भ्रमण में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और रणदीप पोखरिया मेनन के साथ रहे।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें