
चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कुमाऊं मंडल में सैन्य भर्ती की तैयारी कराने के लिए यूथ फाउंडेशन चंपावत से अभियान शुरू करने जा रहा है।
कर्नल अजय कोटियाल की पहल पर गढ़वाल मंडल में युवाओं को सैन्य भर्ती के लिए तैयार करने वाले फाउंडेशन की ओर से 10 नवंबर से गौरलचौड़ मैदान में साढ़े तीन माह का प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जाएगा। पहले बैच में 120 युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान भोजन और आवास की सुविधा भी मिलेगी।
यूथ फाउंडेशन के सैन्य अधिकारी प्रकाश और कुलदीप ने जिलाधिकारी मनीष कुमार तथा जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह से मुलाकात कर शिविर की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि युवाओं को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से सशक्त बनाने के साथ सेना और अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती के लिए तैयार किया जाएगा। प्रशिक्षण में शामिल होने से पहले युवाओं का मेडिकल परीक्षण और शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच होगी।
हाईस्कूल पास युवा कर सकते हैं आवेदन
प्रशिक्षण में शामिल होने के इच्छुक हाईस्कूल उत्तीर्ण युवा आधार कार्ड, शैक्षिक अंकतालिका और चार फोटो के साथ संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7063917273 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि युवाओं को रोजगार और देशसेवा के अवसर उपलब्ध कराने वाले ऐसे कार्यक्रम मॉडल जिले के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे। सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों में प्रस्तावित भर्तियों में युवाओं को इसका लाभ मिल सकेगा। जिला प्रशासन प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन में पूरा सहयोग करेगा।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने कहा कि वह प्रत्येक सप्ताह शिविर में पहुंचकर युवाओं को प्रेरित करेंगे। सेना में भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता के साथ अनुशासन, समर्पण, निर्भीकता और अच्छे चरित्र का भी विशेष महत्व है। युवाओं को इन गुणों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान सेना के सेवानिवृत्त एनएसजी कमांडो मनोज करायत ने भी शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने की बात कही। उन्होंने कहा कि वह युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाकर सेना में भर्ती के योग्य तैयार करने के प्रयासों में जुटे हैं।
(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की रिपोर्ट ✍️)











