लालकुआं: CCTV में कैद तेंदुआ, जयपुर खीमा में दहशत… ग्रामीणों की दो टूक- हादसे से पहले पकड़ो

खबर शेयर करें -

मोटाहल्दू/लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। ग्राम पंचायत जयपुर खीमा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुए की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आबादी के आसपास तेंदुआ दिखाई देने और घरों के समीप उसकी गतिविधियां सामने आने के बाद ग्रामीणों ने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के साथ ही नियमानुसार उसे तत्काल पकड़ने की कार्रवाई करने की मांग की है।

Ad

ग्रामीणों के अनुसार, 25 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे ग्राम निवासी पंकज कबडाल के घर के पास तेंदुआ दिखाई दिया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तेंदुए की गतिविधियां कैद हुई हैं। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के साथ आसपास मिले पगचिह्नों की भी जांच की।

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में कैमरे लगाए हैं, लेकिन इसके बावजूद आबादी के आसपास तेंदुए की मौजूदगी बनी हुई है। शाम होते ही ग्रामीणों में भय बढ़ जाता है। बच्चों को अकेले बाहर भेजने और महिलाओं व बुजुर्गों के जरूरी काम से घर से निकलने को लेकर भी लोग चिंतित हैं।

‘किसी अप्रिय घटना के बाद न हो कार्रवाई’

ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के बीच तेंदुए की लगातार मौजूदगी को गंभीरता से लिया जाना जरूरी है। उनका कहना है कि किसी अप्रिय घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले ही एहतियाती कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने वन विभाग से तेंदुए की निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त कैमरा ट्रैप लगाने और प्रशिक्षित वनकर्मियों की नियमित गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग के नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई और पिंजरा लगाने की भी मांग उठाई है। इसके साथ ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए ग्रामीणों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी देने तथा क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने की मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की लगातार आबादी में आवाजाही अब केवल वन्यजीव की मौजूदगी का मामला नहीं रह गया है, बल्कि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बन चुका है। उन्होंने वन विभाग से स्थिति को गंभीरता से लेते हुए किसी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना ठोस कदम उठाने की मांग की।

इस संबंध में ग्राम जयपुर खीमा निवासी विनीत कबडाल एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से वन क्षेत्राधिकारी उमेश चंद्र आर्य को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन देने वालों में विनीत कबडाल, राहुल कबडाल, आनंद कबडाल, योगेश कपिल, दीपू कबडाल और महिपाल भौर्याल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
3
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें