Inspiring story: मां ने देखा था डॉक्टर बनाने का सपना, चंपावत की जुड़वा बेटियों ने पहली कोशिश में कर दिखाया

खबर शेयर करें -

चंपावत, प्रेस 15 न्यूज। मेहनत, लगन और हौसले के दम पर चंपावत की जुड़वा बहनों साक्षी बसेड़ा और सौम्या बसेड़ा ने NEET UG-2026 में शानदार सफलता हासिल की है। दोनों बहनों ने अपने पहले ही प्रयास में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में MBBS की सीट हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया। उनकी उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों बहनों को सम्मानित किया।

साक्षी बसेड़ा ने NEET UG-2026 में ऑल इंडिया रैंक 15,536 हासिल करते हुए उत्तराखंड की राज्य जनरेटेड रैंक में 58वां स्थान प्राप्त किया। उनका चयन गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून में MBBS के लिए हुआ है।

Ad

वहीं सौम्या बसेड़ा ने ऑल इंडिया रैंक 32,714 हासिल कर राज्य जनरेटेड रैंक में 204वां स्थान प्राप्त किया और उन्हें वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट, श्रीनगर में MBBS सीट मिली है।

इस कामयाबी के पीछे दोनों बहनों की मां प्रीति बसेड़ा की मेहनत और समर्पण भी अहम रहा। उन्होंने बेटियों के डॉक्टर बनने के सपने को अपना सपना मानकर उनकी पढ़ाई के लिए हर संभव प्रयास किया।

हल्द्वानी में बेटियों के साथ रहकर उन्होंने उनकी पढ़ाई की व्यवस्था संभाली और पीएमटी क्लासेज से कोचिंग दिलाई। सही समय पर मार्गदर्शन, बेहतर तैयारी का माहौल और लगातार प्रोत्साहन ने बेटियों के आत्मविश्वास को मजबूत किया।

दोनों बहनों के पिता डॉ. प्रकाश सिंह बसेड़ा चंपावत में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। पिता का प्रोत्साहन, मां का समर्पण, गुरुजनों का मार्गदर्शन और बेटियों की मेहनत ने मिलकर इस सफलता को मुकाम तक पहुंचाया।

जुड़वा बहनों की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है कि दोनों ने एक साथ डॉक्टर बनने का सपना देखा और पहली ही कोशिश में दो सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अपनी जगह बनाई।

अब साक्षी देहरादून और सौम्या श्रीनगर में चिकित्सा की पढ़ाई कर डॉक्टर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएंगी। उनकी सफलता पहाड़ की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो चुनौतियों के बीच भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला रखती हैं।

(लोहाघाट से वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडेय की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट ✍️)

What’s your Reaction?
+1
0
+1
2
+1
0
+1
0
+1
0

Ad

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें