नशे के दलदल में धंसता हल्द्वानी शहर, आज गिरफ्त में आए तीन, लेकिन सवाल, कितने अब भी बाहर?

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। शहर की फिजा में एक खामोश खतरा तेजी से फैल रहा है नशे का जहर। हल्द्वानी लगातार उस दलदल में धंसता नजर आ रहा है, जहां से बाहर निकलना आसान नहीं। चौंकाने वाली बात यह है कि यहां नशा न सिर्फ बड़ी आसानी से पहुंच रहा है, बल्कि खुलेआम खप भी रहा है। आज सामने आए तीन मामलों ने इस सच्चाई को और भयावह बना दिया है।

ये तीन तस्कर तो पुलिस के हत्थे चढ़ गए, लेकिन अंदाजा लगाइए कितने ऐसे होंगे जो अब भी अपने ‘मिशन’ में कामयाब हो रहे हैं?

Ad

गौरतलब है कि अभी दो दिन पहले ही पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी आकर नशे के खिलाफ सख्त संदेश दे चुके हैं। बावजूद इसके हालात चिंताजनक हैं। ऐसे में अब अभिभावकों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। बच्चों पर नजर रखें, उन्हें सही दिशा दें, ताकि वे इस जहर के जाल में फंसने से बच सकें।

मामला 1: 66 लाख की स्मैक के साथ विजय सिंह नेगी गिरफ्तार

चौकी भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली। संदिग्ध लगने पर एक व्यक्ति की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से भारी मात्रा में अवैध स्मैक और अन्य सामग्री बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट का रहने वाला है और वर्तमान में हल्द्वानी के गंगा कॉलोनी क्षेत्र में रह रहा था।

आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 125/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

बरामदगी:

221 ग्राम स्मैक (कीमत लगभग 66.30 लाख रुपये),₹14,520 नगद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन

आपराधिक इतिहास:

अभियुक्त पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में शामिल रह चुका है, जिससे साफ है कि यह कोई नया खिलाड़ी नहीं, बल्कि संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।

मामला 2: राजपुरा में 4.18 ग्राम स्मैक के साथ गुलशन गिरफ्तार

चौकी राजपुरा क्षेत्र के गोला गेट के अंदर चेकिंग के दौरान एक और तस्कर को दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी गुलशन (28 वर्ष), निवासी राजपुरा, के कब्जे से 4.18 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई।

इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 126/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामला 3: बनभूलपुरा में 11.72 ग्राम स्मैक के साथ मेराज अली गिरफ्तार

थाना बनभूलपुरा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चोरगलिया रोड से एक और तस्कर को गिरफ्तार किया।

आरोपी मेराज अली (45 वर्ष), निवासी लाइन नंबर 18, बनभूलपुरा, के पास से 11.72 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 64/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

आपराधिक इतिहास:

मेराज अली के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के साथ-साथ चोरी के मामले भी शामिल हैं। यह दर्शाता है कि नशे का कारोबार अपराध की कई परतों से जुड़ा हुआ है।

तीन अलग-अलग मामलों में स्मैक की बरामदगी यह साफ संकेत देती है कि हल्द्वानी में नशे का नेटवर्क गहराई तक फैला हुआ है। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है, लेकिन यह लड़ाई सिर्फ कानून की नहीं, समाज की भी है।

सबसे बड़ी जिम्मेदारी अब अभिभावकों की है, बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें, उनके दोस्तों और दिनचर्या को समझें, और सबसे जरूरी, उन्हें सही-गलत का फर्क सिखाएं। क्योंकि अगर आज सतर्क नहीं हुए, तो कल बहुत देर हो सकती है।

What’s your Reaction?
+1
3
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें