नैनीताल के दो होटलों की अंधेरगर्दी पर चला डीएम रयाल का हंटर

खबर शेयर करें -

नैनीताल, प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में रहने वाले परिवार लंबे समय से पानी की बर्बादी, घरों में बढ़ती सीलन और रास्तों में फैल रही गंदगी से परेशान थे। आखिरकार जब लोगों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से की, तो सिस्टम तुरंत हरकत में आ गया। डीएम के निर्देश पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें शिकायत सही पाई गई।

इसके बाद संबंधित होटल पर कार्रवाई करते हुए कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और जल संयोजन भी काट दिया गया।

Ad

टंडन परिवार, डंडरियाल परिवार समेत अन्य स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर बताया कि मल्लीताल स्थित ब्रॉडवे होटल की पानी की टंकियों से लगातार ओवरफ्लो हो रहा है। बहते पानी के कारण उनके घरों में सीलन बढ़ती जा रही है और काफी नुकसान हो रहा है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी बताया कि ब्रॉडवे होटल और नीलम राज होटल की ओर से रास्ते में गंदगी भी फैलाई जा रही है, जिनमें कूदे के अलावा शराब की खाली बोतलों का ढेर भी है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद नैनीताल की संयुक्त टीम गठित कर निरीक्षण के निर्देश दिए। शुक्रवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शिकायत पूरी तरह सही मिली। निरीक्षण में पाया गया कि ब्रॉडवे होटल की छत पर लगी टंकी से लगातार पानी बह रहा था।

कार्रवाई करते हुए जल संस्थान ने होटल ब्रॉडवे का जल संयोजन विच्छेदित कर पानी के दुरुपयोग पर 5 हजार रुपये का चालान किया। पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया, जबकि नगर पालिका परिषद ने गंदगी फैलाने पर 1 हजार रुपये का जुर्माना किया।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नैनीताल अक्षय भट्ट, जल संस्थान के सहायक अभियंता, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक तथा पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
3
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें