
देहरादून प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में 1035 सहायक अध्यापकों (प्राथमिक शिक्षा) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 17 विशेष शिक्षक भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नव-नियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से उनके कंधों पर उत्तराखंड के भविष्य को गढ़ने की अहम जिम्मेदारी आ गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब किसी बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा मिलती है, तो वह न केवल अपना जीवन संवारता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिक्षक देश के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार होते हैं।
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध भी विकसित करें, ताकि वे जिम्मेदार और संस्कारवान नागरिक बन सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार सुधार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले साढ़े चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। यह केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि युवाओं के आत्मसम्मान और भरोसे की जीत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने देगी।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में शिक्षा विभाग में 11,500 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं, जबकि 3,500 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा में नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह, निदेशक माध्यमिक शिक्षा मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय नौडियाल, निदेशक अकादमिक शोध एवं प्रशिक्षण वंदना गर्ब्याल और अपर निदेशक कंचन देवराड़ी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









