
चम्पावत, प्रेस 15 न्यूज। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के समग्र विकास को गति देते हुए ₹36.83 करोड़ की 17 योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें ₹7.12 करोड़ की लागत से 4 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹29.71 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से विकास का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचेगा और चम्पावत “आदर्श जनपद” के रूप में स्थापित होगा। इस दौरान गांधी चौक में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम छू रहा है। उन्होंने बताया कि ₹117 करोड़ से अधिक की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर निर्माणाधीन है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने हेतु जिला चिकित्सालय में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है, वहीं ₹5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन व एमआरआई सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि ₹57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर बच्चों को आधुनिक तकनीक व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा।
शारदा कॉरिडोर से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। खेल क्षेत्र में बेटियों को प्रोत्साहन देने के लिए लोहाघाट में ₹257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माणाधीन है। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट और ₹8.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम भी बन रहा है।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, गोविंद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास शाह सहित भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां मौजूद रहे।









