
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए राज्य को ₹451.63 करोड़ की विशेष सहायता (ऋण) की पहली किस्त मंजूर कर दी है।
यह राशि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए “पूंजीगत निवेश हेतु राज्यों को विशेष सहायता योजना” के तहत उपलब्ध कराई गई है, जिससे राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा जारी स्वीकृति आदेश के अनुसार, ₹45,163 लाख की यह राशि योजना के भाग-1 (अनटाइड) के अंतर्गत स्वीकृत पूंजीगत परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए दी गई है। इस सहायता का उपयोग सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन और अन्य आधारभूत विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार द्वारा इस विशेष सहायता को स्वीकृति मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास में सहयोगी की भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वित्तीय सहायता से राज्य की आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं को नई रफ्तार मिलेगी और विभिन्न विकास कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस राशि का उपयोग भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए करेगी, ताकि उत्तराखंड के समग्र और सतत विकास को और मजबूती मिल सके।









