
धारी, प्रेस 15 न्यूज। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने चाफी से मटियाल–पदमपुरी–धारी मोटर मार्ग पर 9 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से होने वाले डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। लंबे समय से जर्जर पड़ी इस सड़क के कारण क्षेत्रवासियों, किसानों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
यह मार्ग कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिसकी खराब हालत के चलते आवाजाही प्रभावित हो रही थी। स्थानीय ग्रामीणों ने इस समस्या को मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे और स्वयं मुख्यमंत्री से धनराशि स्वीकृत कराने का आग्रह किया।
इसके परिणामस्वरूप शासन से 9.35 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद अब इस सड़क के डामरीकरण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार छतोला, भटेलिया, पदमपुरी, अक्सोडा, कसियालेख सहित विभिन्न गांवों में पहुंचे मंत्री राम सिंह कैड़ा का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के समाधान के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने क्षेत्रीय जनता के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, भवान बिष्ट, कंचन खनेरा, प्रकार चंद्र नानू, हरीश गंगोला, दीवान राम, सरोज आर्या, दीपा बिष्ट, सोनू थुवाल, कमल सिंह, ललित शर्मा, दीवान विष्ट, प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्य, भाजपा पदाधिकारी सहित सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे।









