भीमताल: कागजों में ‘भ्रमण’, हकीकत में गायब: सात दिन से ऑफिस नहीं लौटे कर्मचारी, छापे में खुला खेल

खबर शेयर करें -

भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। जब जिम्मेदारी निभाने वाले ही दफ्तर से गायब मिलें, तो विकास की रफ्तार खुद सवालों के घेरे में आ जाती है। भीमताल विकास खंड कार्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी को ऐसी ही लापरवाहियों का सामना करना पड़ा, जिसने कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने विकास खंड कार्यालय भीमताल का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान 6 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए खंड विकास अधिकारी को संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

Ad

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि भ्रमण पंजिका में कर्मचारियों द्वारा सात दिन पहले का भ्रमण दर्ज किया गया था, लेकिन उसके बाद से वे कार्यालय नहीं आए। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

इसके अलावा निरीक्षण में यह भी पाया गया कि विकास खंड में समूहों को रजिस्टर वितरित नहीं किए गए हैं। इस पर सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि रजिस्टरों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि 31 मार्च से पहले उपलब्ध बजट का शत-प्रतिशत उपयोग किया जाए, ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।

निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग, एबीडीओ, डीपीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें