
भीमताल, प्रेस 15 न्यूज। रायपुर से बीजेपी विधायक उमेश शर्मा काऊ के समर्थकों द्वारा प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हुए हमले का मामला अभी थमा नहीं था कि अब भीमताल से भाजपा विधायक राम सिंह कैड़ा पर एक सरकारी डॉक्टर ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
स्वास्थ निदेशक को भेजे शिकायती पत्र में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंह पटपटिया ने बीते रोज खनस्यूं में आयोजित दिव्यांग शिविर में विधायक पर अभद्रता और नियम विरुद्ध काम करने की बात कही है। उन्होंने कमिश्नर दीपक रावत, डीएम ललित मोहन रयाल को भी मामले से अवगत कराते हुए शिकायती पत्र की प्रतिलिपि भेजी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खनस्यूं में आयोजित दिव्यांग शिविर में क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा द्वारा चिकित्सकीय कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप, दबाव और धमकी का माहौल बनाया गया, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं और चिकित्सकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए।

स्वास्थ निदेशक को भेजे शिकायती पत्र में डॉ. जगदीप सिंह पटपटिया ने कहा है कि 23 फरवरी को मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल के आदेशों के अनुपालन में खनस्यूं पीएचसी में चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की जा रही थीं। इस दौरान उनके द्वारा आठ दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए। आरोप है कि इसी प्रक्रिया के दौरान विधायक द्वारा चिकित्सकों पर अनावश्यक दबाव डाला गया और विकलांग प्रमाण पत्रों को लेकर नियमों के विरुद्ध कार्य करने का दबाव बनाया गया।
Video: राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू की विधायक राम सिंह कैड़ा को खरी खरी 👇🔴
शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख है कि नियमों के अनुसार कार्य न करने पर आगे “देख लेने” की धमकी दी गई। आरोप है कि विधायक द्वारा यह भी कहा गया कि भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के विपरीत प्रमाण पत्र बनाए जाएं। स्थिति तब और बिगड़ गई जब केंद्र को बंद कराकर सभी चिकित्सकों को बाहर निकालने की बात कही गई।
शिकायतकर्ता डॉ. जगदीप सिंह पटपटिया ने यह भी लिखा है कि मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल से दूरभाष पर बात कर उनके लिए भी अपशब्दों का प्रयोग किया गया। इस दौरान चिकित्सकों पर हमले की आशंका भी बनी रही। विधायक के इस व्यवहार के बाद मजबूरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खनस्यूं से प्रस्थान करना पड़ा।
Video: भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा की सफाई आई सामने🔴👇
चिकित्सक ने पत्र में आग्रह किया है कि उक्त परिस्थितियों को संज्ञान में लेते हुए ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए उचित कार्रवाई व मार्गदर्शन दिया जाए।
शिकायत की प्रतिलिपि कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी नैनीताल, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तराखंड के महानिदेशक, मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए माननीय न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप उचित कदम उठाए जाएं।
इधर, प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने भी प्रेसवार्ता कर पूरे मामले में विधायक राम सिंह कैड़ा को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक भी समाज का अंग हैं ऐसे में उनके साथ सत्ता की हनक में दुर्व्यवहार करना तुच्छ मानसिकता और ओछी सोच को दर्शाता है। उन्होंने सीएमओ नैनीताल डॉ. हरीश पंत से भी मामले में पीड़ित डॉक्टर को न्याय दिलाने की मांग की है।

बताते चलें कि शिकायतकर्ता डॉक्टर जगदीप सिंह पटपटिया वर्तमान में गरमपानी स्वास्थ केंद्र में तैनात हैं। वहीं, इस मामले ने जिले के चिकित्सकों में रोष भर दिया है।









