लालकुआं में ITBP परिसर में खुला ‘आंचल मिल्क पार्लर’, जवानों को मिलेंगे शुद्ध दुग्ध उत्पाद

खबर शेयर करें -

लालकुआं, प्रेस 15 न्यूज। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और जवानों को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 34वीं बटालियन आईटीबीपी परिसर, लालकुआं में ‘आंचल मिल्क पार्लर कैफे’ का शुभारंभ किया गया।

नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के तत्वावधान में स्थापित इस कैफे का उद्घाटन बटालियन के कमांडेंट अनिल सिंह बिष्ट एवं दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया।

Ad

इस अवसर पर अधिकारियों और जवानों ने आंचल ब्रांड के दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे स्थानीय दुग्ध उत्पादकों के सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि अब आईटीबीपी परिसर में ही जवानों को शुद्ध, पौष्टिक और उच्च गुणवत्ता वाले दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे उनके स्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा।

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि “आंचल” ब्रांड प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों की मेहनत, भरोसे और गुणवत्ता का प्रतीक है। इस तरह की पहल न केवल स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराती है, बल्कि आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य को भी मजबूती देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।

वहीं, कमांडेंट अनिल सिंह बिष्ट ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आईटीबीपी परिसर में इस सुविधा के शुरू होने से जवानों को बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद मिलेंगे, जो उनकी दिनचर्या और स्वास्थ्य के लिए उपयोगी साबित होंगे।

कार्यक्रम में डिप्टी कमांडेंट फतेह सिंह, उप सेनानी संजय तिवारी, सूबेदार मेजर रश्मि रंजन नायक, एसएमओ चंद्रशेखर, सहायक सैनानी (इंजीनियर) दीपक सहरावत, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, डिपो प्रभारी हेमंत पाल सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और जवान उपस्थित रहे।

यह पहल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षा बलों और स्थानीय अर्थव्यवस्था के बीच मजबूत समन्वय का उदाहरण भी बन रही है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें