
नैनीताल , प्रेस 15 न्यूज। नैनीताल में हिंदूवादी संगठनों की ओर से बाबा नीब करौरी महाराज पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का विशेष मुफ्त शो आयोजित किया गया।
कैपिटल सिनेमा हॉल में आयोजित इस शो में 300 से ज्यादा लोगों ने फिल्म देखी। दर्शकों को रिफ्रेशमेंट के साथ हनुमान चालीसा और प्रसाद भी वितरित किया गया।
नैनीताल के कैपिटल सिनेमा हॉल में आयोजित इस विशेष शो में फिल्म शुरू होने से पहले सबसे आगे नंबर-9 सीट पर भगवान हनुमान और बाबा नीब करौरी महाराज की प्रतिमाएं विराजमान की गईं। इसके बाद दर्शकों ने करीब ढाई घंटे की फिल्म देखी।
फिल्म के मुफ्त शो को ‘हनुमान भक्त’, ‘जय श्रीराम सेवा दल’ और अल्मोड़ा अर्बन ग्रामीण बैंक के प्रबंधक रोमित साह जगाती ने प्रायोजित किया। फिल्म देखने के लिए बालिका विद्या मंदिर (एमएलएसबीवीएम) की 25 छात्राएं और सरस्वती विद्या मंदिर के 55 छात्र भी पहुंचे। इनके अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शो में शामिल हुए।
फिल्म के दौरान दर्शकों को फ्रूटी, समोसे और पानी वितरित किया गया। फिल्म समाप्त होने के बाद सभी को पतीसे का प्रसाद और हनुमान चालीसा भेंट की गई।
इस विशेष शो में नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की और भरत मेहरा भी फिल्म देखने पहुंचे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनमोहन सिंह बिष्ट, पंकज बिष्ट, अमित पांडेय, सोनू बिष्ट, मनोज कुमार, रोहित कुमार गौड़, विनोद कुमार, सूरज, सुनील, अमित साह, विवेक वर्मा, संजय, प्रदीप कुमार, तरुण लूथरा, भवान सिंह बिष्ट, ललित बिष्ट, सूरज राणा, गौरव आर्या, संजय सिंह बिष्ट, अमित मेहरा, विनायक साह, अम्मू पाण्डे, सोनू कुमार, पवन कन्याल, बॉबी बिष्ट, रौनक सक्सेना, कुणाल बेदी और चेतन बिष्ट समेत अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संगठन की ओर से मनमोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि पहले शो की सफलता को देखते हुए मंगलवार और रविवार को भी एक-एक शो आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम 4 बजे होने वाले शो के सभी टिकट फुल हो चुके हैं।
(नैनीताल से वरिष्ठ पत्रकार कमल जगाती की रिपोर्ट ✍️)









