
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। उत्तराखंड में मौसम फिलहाल साफ और शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के साथ पहाड़ी इलाकों में मौसम करवट ले सकता है।
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम से सामान्य के बीच रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया।
अगले 4 से 5 दिनों में प्रदेश के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर बढ़ सकता है।
13, 14 और 15 अप्रैल को राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है।
हालांकि 16 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गर्जन के साथ बौछारें और 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। बाकी जिलों में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा।
17 से 19 अप्रैल के बीच भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जबकि प्रदेश के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को दिन के समय बढ़ती गर्मी और पहाड़ी क्षेत्रों में बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।










