Uttarakhand: प्रचंड गर्मी के अगले चार दिन भारी, अपना और अपनों का ख्याल रखियेगा

खबर शेयर करें -

देहरादून/हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। मई की शुरुआत भले ही उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और तेज तूफानों के साथ हुई हो, लेकिन अब गर्मी ने पूरे प्रदेश में अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।

अगले चार दिनों तक उत्तराखंड में प्रचंड गर्मी का प्रकोप सहना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान में इजाफा हो सकता है। हरिद्वार, उधम सिंह नगर और देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा रहने की संभावना है। उत्तराखंड के सभी जिलों में 19 मई को मौसम शुष्क रहेगा।

Ad

मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू के थपेड़ों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। बढ़ती तपिश को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है और सभी जिलों को जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री के ऊपर जा सकता है। वहीं, उधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रह सकता है।

जबकि, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत तथा निचले चमोली क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 20 मई को हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रह सकता है।

देहरादून, नैनीताल एवं पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री सेल्सियस और टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत के अलावा निचले पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का पूर्वानुमान है. ऐसे ही 22 मई तक हालात रहेंगे।

बीते कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बाजारों में भी दोपहर के वक्त सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दे रही है।

सोमवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

गर्मी का असर पर्वतीय क्षेत्रों में भी साफ दिखाई दे रहा है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 मई को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

हालांकि 20 से 24 मई के बीच पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है, लेकिन मैदानी इलाकों में इसका बहुत अधिक असर देखने को नहीं मिलेगा।

इधर, शहर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अधिवक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। अब अधिवक्ता बिना कोट पहने भी न्यायालय में उपस्थित होकर पैरवी कर सकेंगे। यह व्यवस्था मंगलवार 19 मई से लागू कर दी गई है। जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ता बिना कोट के आवाजाही भी कर सकेंगे।

बार एसोसिएशन देहरादून के पदाधिकारियों ने जिला जज से मुलाकात कर बढ़ती गर्मी और उमस को देखते हुए यह मांग उठाई थी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण अधिवक्ताओं को कोट पहनकर काम करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।

बुजुर्गों और बच्चों को खास ध्यान रखने की सलाह दी गई है। पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, विद्यालयों, निर्माण स्थलों एवं बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने तथा बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।

What’s your Reaction?
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

संजय पाठक

संपादक - प्रेस 15 न्यूज | अन्याय के विरुद्ध, सच के संग हूं... हां मैं एक पत्रकार हूं

सम्बंधित खबरें