
देहरादून, प्रेस 15 न्यूज। गर्मियों के बीच बिजली उपभोक्ताओं को एक और झटका लगा है। मई के बाद जून माह में भी बिजली का बिल बढ़कर आएगा। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने जून माह के लिए ईंधन एवं बिजली खरीद लागत समायोजन (एफपीपीसीए) की नई दरें जारी कर दी हैं, जिनका असर एक जून से 30 जून तक की खपत पर पड़ने वाले बिलों में दिखाई देगा।
यूपीसीएल के अनुसार बिजली खरीद लागत में वृद्धि के कारण विभिन्न उपभोक्ता श्रेणियों पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा। विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक घरेलू उपभोक्ताओं पर 59 से 65 पैसे प्रति यूनिट, जबकि बीपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं पर 23 पैसे प्रति यूनिट की अतिरिक्त दर लागू होगी। वहीं, व्यावसायिक, औद्योगिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं पर भी अलग-अलग दरों से बढ़ोतरी की गई है।
यूपीसीएल बाजार से बिजली खरीदता है और जब बिजली खरीद की लागत नियामक आयोग द्वारा निर्धारित आधार दर से अधिक होती है तो उसका समायोजन एफपीपीसीए के माध्यम से उपभोक्ताओं के बिलों में किया जाता है। यदि बिजली सस्ती दरों पर खरीदी जाती है तो उपभोक्ताओं को राहत भी दी जाती है।
यूपीसीएल के मुख्य अभियंता (वाणिज्य) की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि नई एफपीपीसीए दरें जून माह के बिलों में वसूली जाएंगी। यह निर्णय उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के नियमों और विद्युत अधिनियम-2003 के प्रावधानों के तहत लिया गया है।
हालांकि ओपन एक्सेस के माध्यम से बिजली लेने वाले उपभोक्ताओं पर यह सरचार्ज लागू नहीं होगा।
प्रमुख श्रेणियों में बढ़ोतरी (प्रति यूनिट):
घरेलू उपभोक्ता : 59 से 65 पैसे
बीपीएल : 23 पैसे
कृषि गतिविधियां : 41 से 46 पैसे
प्राइवेट ट्यूबवेल : 29 पैसे
एलटी इंडस्ट्री : 82 से 87 पैसे
एचटी इंडस्ट्री : 85 पैसे
रेलवे ट्रैक्शन : 82 पैसे
ईवी चार्जिंग स्टेशन : 82 पैसे
अस्थायी कनेक्शन : 1.01 रुपये









