
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में एक झटके में 993 ₹ की बढ़ोतरी ने आम लोगों से लेकर छोटे कारोबारियों तक की कमर तोड़ दी है। बढ़ती महंगाई के बीच इस भारी इजाफे ने जनाक्रोश को और हवा दी है।
इसी के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारियों और और कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में केंद्र सरकार का पुतला फूंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ताली और थाली बजाकर केंद्र सरकार को “नींद से जगाने” का प्रयास किया।
केंद्रीय अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ रवि वाल्मीकि और जिला महामंत्री उत्तम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रवि वाल्मीकि ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।
वहीं, जिला महामंत्री उत्तम सिंह बिष्ट ने कहा कि ठेलों और छोटे व्यवसायों से परिवार चलाने वाले लोगों के लिए यह बढ़ोतरी किसी आफत से कम नहीं है, जिसका बोझ अंततः आम उपभोक्ताओं पर ही पड़ेगा।
जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि न तो भ्रष्टाचार पर अंकुश लग पा रहा है और न ही महंगाई पर, जबकि रोजगार के लिए युवा दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
प्रदर्शन के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में केंद्र सरकार से व्यावसायिक और घरेलू गैस सिलेंडरों के दामों में तत्काल कमी करने की मांग की।
इस अवसर पर केंद्रीय उपाध्यक्ष भुवन जोशी, केंद्रीय प्रवक्ता अशोक सिंह बोहरा, मोहन कांडपाल, बची सिंह बिष्ट, दीपक भारती, केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, प्रवीन जोशी, यूएसएफ जिलाध्यक्ष नीरज बिष्ट, जगमोहन जलाल, गोविंद घसियाल, दिनेश नौटियाल, गंगा सिंह मेहरा, कुलदीप सिंह बोरा, विजय वोरा, चंदन पिलखवाल, हिमांशु मेहरा सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।









