
हल्द्वानी, प्रेस 15 न्यूज। हल्द्वानी में अपने हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अब उत्तराखंड के हक हकूक की बुलंद आवाज यूकेडी का समर्थन मिला है। मानदेय वृद्धि और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) खुलकर उनके समर्थन में उतर आया है, जिससे आंदोलन को नई ताकत मिलती दिख रही है।
हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में बीते कई दिनों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है। कार्यकर्ता वर्तमान मानदेय को बेहद कम बताते हुए इसे बढ़ाने और सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने समेत विभिन्न मांग कर रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक रैली निकालकर अपनी आवाज बुलंद की।
इस दौरान उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया। यूकेडी पदाधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से समाज के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन उन्हें उसके अनुरूप सम्मान और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
इसके बाद यूकेडी नेताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी (प्रशासन) रेखा कोहली के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वर्तमान ₹9,300 के मानदेय को अपर्याप्त बताते हुए इसे बढ़ाकर ₹24,000 करने और अन्य सुविधाएं देने की मांग कर रही हैं।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रताप चौहान, जिला महामंत्री उत्तम सिंह बिष्ट, पार्षद रवि वाल्मीकि, केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट, चंदन लोधियाल, राजीव लोचन, हरीश कौटिल्य, प्रमोद सती, श्याम सिंह नेगी, मोहन सिंह नेगी, मदन सिंह बिष्ट, कुंदन कुमार, शाहिद सिद्धिकी, कैप्टन महेश तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहे।









